हाथरस: गांव बुधू में युवक की मौत के बाद विलाप करते परिजन व लगी भीड़।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस गेट के इगलास रोड स्थित गांव बुधू में थ्रेशर की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। जानकारी होते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। युवक की तीन माह पूर्व ही शादी हुई थी।
जिले में हर तरफ गेहूं की थ्रेसरिंग करने का काम चल रहा है। इगलास रोड स्थित गांव बुधू निवासी माधव (22 वर्ष) पुत्र भोला यादव अपने ही ट्रैक्टर थ्रेसर को खेत पर अपने गेहूं की थ्रैसरिंग करने के लिए गया था। उसके साथ परिवार के अन्य सदस्य भी थे। यहां पर जैसे ही गेहूं की थ्रैसरिंग शुरू की तो गेहूं का एक पूरा अचानक से थ्रेसर में फंस गया, जिसे निकालने के लिए उसने चलते थ्रेसर का ढक्कन खोल दिया। पूरा को खींचने के चक्कर में युवक थ्रेसर के उस हिस्से में जाकर गिया, जहां पर गड़ासे चलते हैं।
देखते ही देखते युवक का सिर व उसके नीचे का आधा धड़ अंदर चला गया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। यह देख परिजनों के होश उड़ गए। ट्रैक्टर को बंद किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। इस बात की जानकारी जिसको भी हुई, वह घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ा। सैकड़ों लोगों की मौके पर भीड़ लग गई। यहीं पर परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।