संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर सोमवार की सुबह कछला घाट पर गंगा नहाने गया एक युवक डूब गया। इसे इलाज के लिए कासगंज लाया जा रहा था लेकिन रास्ते में जाम की वजह से एंबुलेंस एक घंटे तक फंसी रही। समय पर इलाज नहीं मिलने की वजह से युवक की मौत हो गई।
कोतवाली के गांव हिम्मतपुर कचौरा निवासी रतनलाल के पुत्र देवराज (20) रविवार की रात गंगाघाट कछला पर बुद्ध पूर्णिमा पर पर स्नान करने गया था। सुबह छह बजे वह स्नान कर रहा था। देवराज के साथ गए लोगों का कहना है कि गंगा में इतना जल नहीं था कि कोई डूब जाए। यह कैसे हुआ पता नहीं।
सांस की कमी के चलते उसे तत्काल एंबुलेंस से इलाज के लिए कासगंज ला रहे थे। रास्ते में गंगा स्नान की भीड़ के कारण लगे जाम में एंबुलेंस फंस गई। एक घंटे बाद जब एंबुलेंस कासगंज अस्पताल पहुंची तो डाक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। युवा का शव गांव में पहुंचते ही कोहराम मच गया।