हाथरस : तालाब में डूबे शिवचरण का फाइल फोटो।
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
गांव कचौरा में शनिवार की दोपहर करीब दो बजे बड़ा हादसा हो गया। गांव के बाहर मिट्टी की कटान करने से खेत में हुए गड्ढे में 20 फीट पानी भर गया। इसमें नहाने उतरे तीन युवक अचानक डूबने लगे। इनमें से दो को तो बचा लिया गया, लेकिन एक की गड्ढे में डूबकर मौत हो गई। कासगंज से आए गोताखोर लगातार गड्ढे में शव को निकालने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन समाचार लिखेेे जाने तक शव बरामद नहीं हुआ था।
इस गड्ढे की लंबाई और चौड़ाई इतनी ज्यादा है कि यह मिनी तालाब नजर आता है। कई दिनों तक हुई बारिश के चलते गड्ढा पानी से लबालब भर गया है। शनिवार की दोपहर को गांव के तीन युवक गड्ढे के पास पहुंचे और नहाने के लिए उसमें उतर गए। दो युवकों ने देखा कि गड्ढे की गहराई ज्यादा होने से डूबने का खतरा है तो वह बाहर आ गए, लेकिन इनमें से एक शिवचरन (40 वर्ष) पुत्र नाथूराम डूब गया। उसके डूबते ही बाकी दोनों युवकों ने शोर मचा दिया।
शोर सुनकर काफी लोग घटनास्थल पर पहुुंच गए। जिला पंचायत सदस्य और पूर्व प्रधान सोनू चौहान कासगंज गए और वहां से गोताखोरों को लेकर आए। इसके बाद गोताखोर काफी देर तक गड्ढे में लापता युवक को तलाशते रहे। समाचार लिखे जाने तक युवक का शव निकाला नहीं जा सका था। पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहान भी मौके पर पहुंच गए और मृतक के भाई देवकरन को सांत्वना दी।