न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के कछला, हरिद्वार, राजघाट, आदि गंगा घाटों के जल से शिवजी का अभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं को डाक विभाग ने राहत प्रदान की है। शहर के मुख्य डाकघर में गंगा के उद्गम स्थल गंगोत्री व वाराणसी का गंगा जल शिव भक्तों को मिलेगा, जिससे श्रद्धालु कोरोना काल में भगवान शिव का जलाभिषेक कर सकेंगे। 30 रुपये में एक बोतल में गंगा जल मिलेगा।
कोरोना काल के चलते कांवड़ यात्रा पर पाबंदी लगी हुई है। इसे लेकर शिव भक्त निराश न हों। शहर के मुख्य डाकघर से गंगोत्री व वाराणसी का जल खरीदकर भगवान शिव का अभिषेक कर सकते हैं। पोस्टमास्टर रामबाबू सिंह का कहना है कि श्रावण माह को देखते हुए श्रद्धालुओं को डाकघर से गंगाजल उपलब्ध कराया जाएगा। एक बोतल गंगाजल की कीमत तीस रुपये है। श्रद्धालु डाकघर से गंगाजल लेकर भगवान शिव का अभिषेक कर सकते हैं।