संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कोतवाली सदर इलाके के मेला श्री दाऊजी महाराज परिसर में नशे के कारण बेहोशी की हालत में पड़े युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और फिर शव परिजनों को सौंप दिया।
कोतवाली सदर इलाके की कांशीराम कॉलोनी निवासी किशोर ने बताया कि वह और उसका भाई मुकेश कुमार पुत्र चंद्रपाल काफी दिनों से मेला श्री दाऊजी मंदिर परिसर में सेवा करते हैं। यहीं पर उसका भाई मुकेश नशेबाजों के चक्कर में आ गया और आए दिन चरस आदि का नशा करने लगा। मुकेश ने बताया कि उसके भाई ने सोमवार को कुछ ज्यादा ही नशा कर लिया।
जिससे वह मंदिर के पास ही सूनसान जगह पर बेहोश होकर गिर गया। जानकारी होने पर किशोर वहां पहुंचा। मुकेश को बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस बात की जानकारी अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को दी। जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने भाई की तहरीर के आधार पर शव का पोस्टमार्टम कराया।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात डॉ नवनीत अरोरा ने बताया कि युवक को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। परिवार के लोग बता रहे थे कि उसकी मौत नशे से हुई है। मौत के कारण की सही जानकारी तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने पर होगी।