हाथरस : पेड़ पर शव लटका होने की सूचना पर मौके पर लगी भीड़। संवाद
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
मथुरा रोड पर गांव मंस्या के पास सादाबाद कोल्ड स्टोर के पीछे पेड़ पर युवक का शव लटका मिला। मौके पर पहुंचे कोतवाल डीके सिसौदिया ने शव को पेड़ से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है।
गांव कटैलिया तेहरा चंदपा निवासी धर्मेंद्र सिंह पुत्र रामपाल सिंह ने शुक्रवार को कोतवाली में पोस्टमार्टम के लिए दी गई लिखित सूचना में बताया कि उसका छोटा भाई राजेश चौधरी उर्फ जीतू (18) नवंबर को गांव कटैलिया से अपने जीजा तुलाराम पुत्र मित्तर सिंह निवासी विजय नगर मुरसान गेट हाथरस के यहां पहुंचा था। करीब पांच बजे अपने जीजा से गांव मंस्याकला निवासी एक व्यक्ति के यहां जाने की कहकर निकला था।
देर रात तक जब जीतू नहीं लौटा और उसकी कोई जानकारी नहीं मिली तो परिजनों व गांव के लोगों ने तलाश किया। रिश्तेदारियों में पूछताछ कर जानकारी की, लेकिन जीतू का कोई पता नहीं चल सका। शुक्रवार की सुबह गांव मंस्या के पास सादाबाद कोल्ड स्टोर के पीछे एक खेत में पेड़ पर लटका हुआ उसका शव मिला। इधर, परिजनों ने थाने पर पहुंचकर राजेश चौधरी की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कोतवाल डीके सिसौदिया ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया है। संवाद