न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव तमना गढ़ी निवासी युवक नाले में अचेत हालत में मिला। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है। इसके आधार पर पोस्टमार्टम कराकर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
अलीगढ़ रोड स्थित गांव तमना की गढ़ी निवासी फूल सिंह उर्फ फूला (18 वर्ष) पुत्र नाथूराम के घर पर सोमवार-मंगलवार की रात को जागरण का कार्यक्रम था। परिवार के सभी लोग उसी में व्यस्त थे। रात को करीब 12 बजे फूल सिंह घर से निकल आया, लेकिन वापस नहीं लौटा। सुबह उसे तलाश किया गया था, नाले में वह अचेत अवस्था में पड़ा हुआ लोगों को नजर आया। यह देख मौके पर भीड़ लग गई।
परिजन उसे आनन-फानन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उसे डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखावाया। मौत का कारण जानने के लिए परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। एसएचओ केडी शर्मा ने बताया कि युवक नशे की हालत में नाले में गिरा था। काफी देर तक वहीं पर पड़ा रहने के कारण संभवत: मौत हुई है। यही बात पर परिवार के लोगों ने बताई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही सही जानकारी हो पाएगी। संवाद