न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव छौंक में दबंगों ने एक महिला को नल से पानी भरने को लेकर पीट दिया। मारपीट में घायल महिला अपनी शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंची। पुलिस ने महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है।
बुधवार की सुबह कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव छौंक निवासी जितेंद्र की पत्नी अंजलि देवी मोहल्ले में लगे सरकारी नल से पानी भरकर जा रही थी। आरोप है कि इस बीच वहां पर आए मोहल्ले के दबंग टाइप के लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी। मारपीट का कारण नल से पानी भरना बताया गया है।
मारपीट के बाद काफी हंगामा हुआ और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। मारपीट में घायल महिला अपनी शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंची। पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा है।