न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सहभागिता योजना के तहत जिले में 10 परिवारों को पशुपालन विभाग द्वारा बुधवार को गायें दी गईं। लाभार्थियों के बैंक खाते में योजना के तहत दी जाने वाली धनराशि भी उपलब्ध कराई गई।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिले में सहभागिता योजना पर अमल नहीं किया जा रहा था। मंगलवार के अंक में अमर उजाला ने इस खबर को प्रकाशित किया था। सीडीओ ने भी संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखा था। इस योजना के तहत कुपोषित बच्चों के परिजनों को एक दुधारू गोवंश दिया जाता है। गोवंश के भरण-पोषण के लिए 900 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से खर्चा भी दिया जाता है।
अमर उजाला में इस योजना में बरती जा रही ढिलाई को लकर खबर प्रकाशित होने के बाद अधिकारी हरकत में आए। पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने चिन्हित किए गए 10 कुपोषित बच्चों के परिजनों को गायें दीं। गोवंश के पोषण के लिए 900 रुपये की धनराशि उनके बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी। इसमें हाथरस शहर व विकास खंड क्षेत्र में एक- एक, हसायन में एक, सहपऊ में एक, सासनी में चार, सादाबाद में दो लाभार्थी शामिल हैं। संवाद