संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कोर्ट में हाजिर नहीं होने पर अदालत ने एक अभियुक्त को फरार घोषित कर दिया है। उसके खिलाफ कुर्की चस्पा की कार्रवाई की गई है। पुलिस ने गांव में मुनादी भी कराई है। दरअसल, 21 जनवरी को थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र में प्रभारी निरीक्षक प्रवेश राना और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई थी।
जिसमें एक बदमाश तौफीक पुत्र सलीम निवासी ईकू थाना फरिहा जिला फिरोजाबाद के पैर में गोली भी लगी थी, जबकि दो बदमाश मेंहदी और फिरोज उर्फ बहरा फायरिंग करते हुए मौके से भाग गए थे। इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया। जिसमें फिरोज उर्फ बहरा पुत्र अंसार हुसैन उर्फ अनवर हुसैन निवासी ईकू थाना फरिहा जिला फिरोजाबाद फरार चल रहा है।
जिसकी गिरफ्तारी के लिए राजीव यादव प्रभारी निरीक्षक हाथरस जंक्शन की आख्या पर न्यायालय सीजेएम हाथरस द्वारा एनबीडब्ल्यू जारी किया गया था, फिर भी उक्त अभियुक्त फिरोज न्यायालय में हाजिर नहीं हुआ।
जिस पर कोर्ट द्वारा अभियुक्त फिरोज उर्फ बहरा को फरार घोषित कर दिया गया है। न्यायालय के आदेश का पालन न करने की दशा में अभियुक्त फिरोज उर्फ बहरा के विरुद्ध कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। यह जानकारी एसएचओ कोतवाली हाथरस जंक्शन राजीव यादव ने दी।