हाथरस : सीएमओ कार्यालय में कोरोना का टीका लगवाती नर्स।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में बृहस्पतिवार को 10 केंद्रों पर कोरोना का टीका लगाया गया। यह टीका सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, टीबी अस्पताल, सीएमओ दफ्तर परिसर स्थित शहरी स्वास्थ्य केंद्र व जिला अस्पताल पर लगाया गया। इन केेंद्रों पर 910 लोगों को दूसरी खुराक देने का लक्ष्य था। इसके सापेक्ष 732 लोगों को टीका लगाया गया। 60 वर्ष से अधिक उम्र वाले 369 लोगों का भी टीकाकरण हुआ। 68 लोगों को पहली डोज लगाई गई।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. विजेंद्र सिंह ने बताया कि अब टीके के लिए लोगों को इधर-उधर जाने की जरूरत नहीं है। सप्ताह में तीन दिन सभी सीएचसी और पीएचसी पर टीका लगाया जाएगा। सभी को टीका लगवाना चाहिए। उन्होंने सभी से अपील की वह किसी भी अफवाह या भ्रांति पर ध्यान न दें। टीके से किसी भी तरह की कोई दिक्कत नहीं है। कोरोना से लड़ाई में यह बहुत जरूरी है। 60 से अधिक आयु वर्ग और 45 से 59 आयु वर्ग के जो लोग बीमारी से ग्रसित हैं, वह पोर्टल पर पंजीकरण कराकर टीका लगवा सकेंगे।
यह टीका सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर बिल्कुल नि:शुल्क लगाया जाएगा। वहीं, प्राइवेट अस्पताल में यह टीका 250 रुपये में लगाया जा रहा है। इसके लिए अभी तक हाथरस के एबीजी अस्पताल को ही तय किया गया है। डॉ. विजेंद्र सिंह ने बताया कि विभाग द्वारा टीकाकरण के लिए बेहतर व्यवस्था की गई है। टीकाकरण को लेकर कोई भी लापरवाही न बरतने के निर्देश हैं।
टीका पूरी तरह सुरक्षित है। टीका कर्मियों द्वारा सभी लाभार्थियों को टीका लगाने के उपरांत उसके संबंध में काउंसिलिंग भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि टीका लगने के बाद भी मास्क लगाना आवश्यक है। डॉ. विजेंद्र सिंह को बृहस्पतिवार को दूसरी डोज लगी। उन्होंने कहा कि वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है। उन्हें भी किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं हुई। सभी कोविड का टीका अवश्य लगवाएं।