न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना संक्रमण ने आत्मनिर्भर भारत अभियान की रफ्तार को मंद कर दिया है। वर्ष 2020 किशनगढ़ी स्थित केनरा बैंक के आरसेटी केंद्र पर मात्र 300 प्रशिक्षणार्थियों ने प्रशिक्षण लिया। इस केंद्र में दो दर्जन से अधिक कोर्सों की ट्रेनिंग दी जाती है। अब संक्रमण की दर कम होने के साथ फिर से प्रशिक्षण शुरू हो गया है।
उल्लेखनीय है कि केनरा बैंक द्वारा युवा और महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में प्रशिक्षण दिया जाता है। इसमें सिलाई, कढ़ाई, मोबाइल रिपेयरिंग, फ्रिज, रेफ्रिजरेटर, ब्यूटी पार्लर, पशुपालन सहित कई ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जाता है। बीते साल में कोरोना संक्रमण ने दस्तक दे दी।
इस कारण युवाओं के स्वावलंबी बनने के सपने पर ब्रेक लग गया है। बीते वर्ष में मात्र 300 प्रशिक्षणार्थियों ने प्रशिक्षण लिया है। सितंबर से फिर से प्रशिक्षण की शुरुआत हुई है। ट्रेनिंग को-ऑर्डिनेटर एनके सेंगर का कहना है कि बीते वर्ष में करीब 300 प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण दिया गया है। कोरोना के चलते सेंटर बंद रहा। सितंबर से फिर ट्रेनिंग की शुरुआत हुई।