न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
अब जिला बागला जिला अस्पताल में आने वाले कोरोना संभावितों की स्क्रीनिंग यहीं पर हो सकेगी। इसके लिए शासन ने ट्रूनॉट मशीन लगाए जाने को मंजूरी दे दी है। इसे जल्द ही जिला अस्पताल में लगाया जाएगा। इस मशीन की विशेष बात ये है कि मशीन से कोरोना संक्रमण की जांच होगी। इसमें एक साथ दो नमूने लगाए जा सकेंगे और कुछ घंटों में ही जांच रिपोर्ट मिल जाएगी।
कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण को लेकर जांच कराने वालों की संख्या भी बढ़ रही है। ऐसे में शासन जनपद स्तर पर ही इसकी जांच की सुविधा उपलब्ध कराने जा रहा है। तभी तो जिला अस्पताल में अब ट्रूनॉट मशीन कोरोना संभावित मरीजों की जांच के लिए लगाई जाएगी। इस मशीन को वैसे तो टीबी की जांच प्रक्रिया में तेजी और सटीकता लाने के लिए बनाया गया, लेकिन इससे कोरोना संक्रमण की भी जांच किया जाना बेहद अच्छी बात है। जिले में सीबी नॉट से टीबी जांच की जाती है। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अनिल सागर वशिष्ठ ने बताया स्वदेशी मशीन ट्रूनॉट हाथरस समेत सूबे के 55 जिलों को मिली है।
जानकारी के अनुसार राज्य क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम अधिकारी की ओर से जिला क्षय रोग अधिकारी को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि इन मशीनों की मदद से न केवल टीबी की जांच होगी, बल्कि कोविड-19 संक्रमण की जांच भी की जा सकेगी। टीबी की जांच के लिए अब तक स्वास्थ्य विभाग के पास सीबी नॉट मशीन थी। ट्रूनॉट मशीन उससे भी एडवांस बताई जा रही है। विभिन्न चरणों में भारत सरकार राष्ट्रीय क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत उत्तर प्रदेश को ट्रूनॉट मशीनें उपलब्ध कराएगी। जांच के लिए प्रयोग किया जाने वाला कार्टिलेज ट्रूनॉट मशीन का सस्ता पड़ेगा। फिलहाल जनपद को एक मशीन आवंटित हुई है।
अब कोविड की जांच करना आसान हो जाएगा। हाथरस को ट्रूनॉट मशीन मिली है। इसे जिला अस्पताल में लगाया जाएगा। शीघ्र ही मशीन का लाभ मरीजों को मिलेगा। कोरोना संभावित जिनकी डिलीवरी और ऑपरेशन होना है, उनकी स्क्रीनिंग इस मशीन द्वारा की जाएगी।
-डॉ बृजेश राठौर, सीएमओ।