न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
स्वास्थ्य विभाग कोरोना की रोकथाम को लेकर फिर से सतर्क हो गया है। जिला अस्पताल सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) में आने वाले मरीजों व तीमारदारों की कोरोना की जांच भी की जा रही है। इसके अलावा कोविड अस्पतालों व ऑक्सीजन प्लांटों की व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन कोरोना से लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार होने का दावा कर रहा है। वहीं सीएचसी मुरसान, सीएचसी सिंकदराराऊ और जिला अस्पताल में लगे ऑक्सीजन प्लांट की व्यवस्था दुरुस्त करने को लेकर विभागीय अधिकारी गंभीर हैं। इसके अलावा जिले में हर दिन करीब 600 लोगों की कोरोना की जांच की जा रही है। इसमें अभी तक कोई भी व्यक्ति पॉजिटिव नहीं आया है। जिला अस्पताल सहित जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कोरोना की नि:शुल्क जांच की व्यवस्था की गई है। यहां आने वाले मरीजों व तीमारदारों में से सर्दी, जुकाम और बुखार वालों की कोरोना की जांच के लिए नमूने लिए जा रहे हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. मंजीत सिंह ने बताया कि हर दिन करीब 550 से 600 लोगों की कोरोना की जांच कराई जा रही है। लोगों को कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन करने की सलाह दी जा रही है। अभी तक जिले में कोई भी कोरोना पॉजिटिव नहीं निकला है। कोरोना से लड़ने की हमारी सारी तैयारी पूरी है। संवाद
सर्दी से बुखार आ गया है। उसी की दवा लेने आए हैं। कोरोना को लेकर सावधानी भी बरत रहे हैं। यहां कोरोना की जांच हो रही है।
-सुरेंद्र सिंह, मरीज
गलनभरी ठंड के कारण काफी दिक्कत हो रही है। इसी के कारण सर्दी लग गई है। उसी की दवा लेने के लिए जिला अस्पताल आया हूं।
-निरोत्तम, मरीज
यह मौसम बच्चों व बुजुर्गों को बीमार कर रहा है, इसलिए इस मौसम से बचने की आवश्यकता है। जरा सी लापरवाही पर बीमार हो रहे हैं।
-यतेंद्र कुमार, मरीज
अस्पताल की ओपीडी में कोरोना की जांच के लिए नमूने लिए जा रहे हैं। हम भी यहां से दवा लेने के लिए आए हैं।
-नवाब खां, मरीज