न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में अब दो दिन का समय बचा है। ऐसे में दावेदारों ने अपनी जीत के लिए एड़ी से चोटी तक का जोर लगा दिया है। मजबूत दावेदार पहले से ही अपने समर्थक बीडीसी सदस्यों को सैर-सपाटे पर ले गए हैं। कुछ ब्लॉकों में जोरदार मुकाबला होने की संभावना है। बृहस्पतिवार को इस चुनाव के लिए नामांकन होगा। ऐसे में और ज्यादा स्थिति स्पष्ट होगी। इधर, कुछ मजबूत दावेदार निर्विरोध इस चुनाव को जीतने की भी कोशिश में लगे हुए हैं।
ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए दो दिन बाद मतदान होना है। पंचायत चुनाव के बाद से ही मजबूत दावेदार इस चुनाव की तैयारी में जुट गए और अपने समर्थक बीडीसी सदस्यों से समर्थन मूल्य तय करने के बद उन्हें सैर सपाटे पर भी भेज दिया। ज्यादातर बीडीसी सदस्य भूमिगत हैं। भाजपा ने सादाबाद और सहपऊ को छोड़कर सभी ब्लॉकों से अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं, वहीं सपा-रालोद गठबंधन घोषणा कर चुका है कि वह भी इस चुनाव को दमदारी से लड़ेगा।
ऐसे में अब जब भाजपा प्रत्याशियों की लिस्ट घोषित हो गई। सपा-रालोद गठबंधन के नेता इस रणनीति में जुट गए कि अब इन प्रत्याशियों के विरोध में लड़ने वाले किस प्रत्याशी को समर्थन दिया जाए। बहरहाल, पूरे दिन इस चुनाव को लेकर ही राजनीतिक सरगर्मी होती रही और प्रमुख दावेदार बीडीसी सदस्यों को ऐन वक्त तक अपने खेमे में लाने के प्रयास करते रहे।