संवाद न्यूज एजेंसी, सासनी।
कस्बा की एक राशन दुकान पर मंगलवार को राशन नहीं मिलने पर उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा काटा। उपभोक्ताओं ने डीलर को जमकर खरी खोटी सुनाई। लेकिन डीलर ने उपभोक्ताओं को राशन नहीं दिया जिसकी वजह से उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। नगर क्षेत्र में विष्णु गुप्ता नामक एक डीलर की राशन की दुकान है।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि डीलर राशन वितरण में मनमानी करता है। शासन प्रशासन से मिलने वाली सामग्री में कटौती करता है। आरोप है कि निशान लगवाने के बाद वह उपभोक्ताओं को राशन नहीं देता है। दिसंबर माह का राशन दो बार की जगह एक बार दे रहा है। उसमें भी चना, नमक रिफांइड देकर उपभोक्ताओं को टरका देता है।
शिकायत करने पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए दबंगई दिखाता है। कहता है जहां चाहे शिकायत कर लो मेरे कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता है। हंगामा करने वाले में रवि पाराशर, बैनीराम, ऊषा वार्ष्णेय, मीना, गुड्डू के अलावा दर्जनों लोग मौजूद थे। पूर्ति निरीक्षक सुमन सारस्वत का कहना है कि उपभोक्ताओं द्वारा दुकान पर हंगामा करने की जानकारी मिली है। इसकी जांच कराई जाएगी।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों के नाम आवंटित है राशन दुकान
विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से एक ही राशन डीलर के परिवार के सदस्यों के नाम तीन दुकान आवंटित है। जिनमें एक नगर क्षेत्र में, दूसरी बसई काजी की दुकान निरस्त हो चुकी है। तीसरी दुकान ग्राम लहौर्रा में संचालित है। कई बार अवैध रूप से बिक्री के लिए जा रहा भी राशन पकड़ा गया है।
लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती। पिछले सप्ताह ग्राम लहौर्रा की दुकान को लेकर उपभोक्ताओं ने तहसील में जमकर नारेबाजी की थी। जिसकी जांच लंबित है। आज नगर क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने दुकान पर जमकर हंगामा काटा है। जिसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों को मिल चुकी है। संवाद