न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बिजली विभाग का यदि किसी उपभोक्ता पर बिल बकाया है तो वह घर बैठे एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के लिंक के जरिये सरचार्ज माफी के साथ भुगतान कर सकता है। इसके लिए विभागीय अधिकारियों द्वारा व्हाट्सएप पर उपभोक्ताओं को लिंक भी भेजा जा रहा है। 30 जून तक पंजीकरण कराने वाले उपभोक्ताओं को ओटीएस का लाभ मिलेगा। वह उपखंड अधिकारी (एसडीओ) से संपर्क कर भी छूट का लाभ ले सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि जिले में बिजली विभाग का जिलेभर में दो लाख 29 हजार 288 उपभोक्ताओं पर 32953 लाख रुपये का बकाया है। अब शासन स्तर से ओटीएस लागू की गई है। निगम से मिले लक्ष्य की पूर्ति के लिए विभागीय अधिकारी ओटीएस के प्रचार-प्रचार के साथ जगह जगह शिविर भी लगा रहे हैं।
एसडीओ पवन वर्मा का कहना है कि यदि किसी उपभोक्ता पर कार्यालय व बिलिंग काउंटर आकर बिल जमा करने का समय नहीं है तो उसे व्हाट्स एप पर भेजा गया लिंक खोलकर भुगतान करने की सुविधा दी गई है। इस लिंक को खोलने के बाद 12 अंकों का खाता नंबर डाले। इसके बाद आगे की प्रक्रिया को सॉफ्टवेयर पर आ रहे संदेश के अनुसार आगे बढ़ाते जाएं। उसके बाद उपभोक्ता के मोबाइल पर छूट कटने के साथ बिल आ जाएगा। संवाद