संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
केंद्र सरकार की सौभाग्य योजना के तहत मुफ्त बिजली का कनेक्शन लेने वाले बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। यदि इन बकायेदारों ने जल्द ही बकाया नहीं चुकाया तो इनके कनेक्शन काट दिए जाएंगे।
केंद्र सरकार ने हर घर को बिजली मुहैया कराने के लिए सौभाग्य योजना की शुरुआत की थी। योजना के तहत जिले में 36 हजार 600 लोगों को मुफ्त कनेक्शन दिए गए, लेकिन कनेक्शन लेने के बाद अधिकांश उपभोक्ता बिल जमा करना भूल गए।
अब बकाया न देने की वजह से इनके संयोजन काटे जाएंगे, क्योंकि इन उपभोक्ताओं ने एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) लागू होने के बावजूद बिल जमा करने की सुधि नहीं ली है। संबंधित खंडों के अधिशासी अभियंता ने उपखंड अधिकारी (एसडीओ) और अवर अभियंता (जेई) को बकायेदारों की सूची दे दी है। इनसे कहा गया है कि या तो वह इन उपभोक्ताओं को ओटीएस में पंजीकरण कराके किस्तों में बिल चुकाने के लिए प्रेरित करें अथवा इनके कनेक्शन काट दें।
योजना में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़े की बात भी सामने आई है। किसी व्यक्ति पर विभाग का बकाया हो गया है तो उसने दूसरे नाम से कनेक्शन ले लिया। जब उपभोक्ताओं के पास दो-दो बिल पहुंचे तो उन्होंने कार्यालय में आकर शिकायत की। अधिशासी अभियंता सुभाष चंद्रा का कहना है कि सौभाग्य योजना में जिन लोगों ने कनेक्शन लेने के बाद बकाया जमा नहीं किया है, उनके कनेक्शन काटने के लिए अधीनस्थों को निर्देश दिए गए हैं।
यह है कि कनेक्शन राशि देने की व्यवस्था
सौभाग्य योजना के तहत कनेक्शन देने के दौरान यह तय हुआ था कि बीपीएल कार्ड धारक को कोई राशि नहीं देनी है। एपीएल कार्ड धारक को 10 से 12 किस्तों में कनेक्शन की राशि देनी है, ताकि कनेक्शन की राशि देने में उपभोक्ता को कोई परेशानी न हो। इन उपभोक्ताओं ने कनेक्शन की राशि जमा करना तो दूर, बिल जमा करने की सुधि भी नहीं ली है।
लाभार्थियों को दिया गया यह सामान
सौभाग्य योजना के तहत लाभार्थी को कनेक्शन के दौरान एक बोर्ड पर एलईडी बल्ब लगाने के साथ मीटर, एमसीबी, मीटर केबल, गार्ड वायर आदि सामान दिया गया था। लोगों ने सोचा कि मुफ्त में कनेक्शन दिया जा रहा है तो इसका बिल भी नहीं लिया जाएगा। इस कारण उपभोक्ताओं ने बिल जमा करने में रुचि नहीं ली।