हाथरस: जिला स्वच्छता समिति की बैठक लेते डीएम।
- फोटो : HATHRAS
डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने अधिकारियों के साथ बैठक में एनओएलबी के तहत शौचालयों के निर्माण का जायजा लिया। डीएम ने लक्ष्य के सापेक्ष अवशेष शौचालयों का निर्माण 15 मार्च तक पूरा किए जाने के निर्देश दिए हैं।
डीपीआरओ बनवारी सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2019-20 में शासन द्वारा 392.40 लाख धनराशि प्राप्त हुई है, जिसके सापेक्ष वित्तीय वर्ष 2019-20 में अभी तक 1038.59 लाख रुपये व्यय किया जा चुका है। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत वर्ष 2019-20 में एनओएलबी निर्माण लक्ष्य की पूर्ति किए जाने के लिए स्वच्छ शौचालय निर्माण कुल लक्ष्य 2172 तथा जीओ टैगिंग के आधार पर 788 की गई, जिसकी प्रगति प्रतिशत 36.28 प्रतिशत है तथा अवशेष लक्ष्य 1384 है।
उन्होंने बताया कि 31 मार्च तक निर्माण पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में ओडीएफ घोषित तथा मंडल स्तर से सत्यापित ऐसे ग्राम, जिनको छह माह का समय हो गया है उनका ओडिएफ की निरंतरता बनाए जाने के लिए द्वितीय स्तरीय सत्यापन किया जाना है। उन्होंने बताया कि लक्ष्य के अनुसार ब्लॉक हाथरस में 108 गांव, ब्लॉक मुरसान में 145 गांव, ब्लॉक सासनी में 115 ग्राम,ब्लॅाक सिकन्द्राराऊ में 65 ग्राम, ब्लॉक हसायन में 93 ग्राम, ब्लॉक सादाबाद में 70 ग्राम तथा ब्लॉक सहपऊ में 63 ग्राम को चयनित किया गया है।
उन्होंने बताया कि कुल ग्रामों की संख्या, जिनका ओडीएफ की स्थिरता का मंडल द्वारा द्वितीय सत्यापन किया जा चुका है। 659 के सापेक्ष में 545 का सत्यापन किया जा चुका है। द्वितीय स्तरीय सत्यापन के लिए कुल अवशेष ग्रामों की संख्या 114 है। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर अप्रयुक्त धनराशि को जिला स्वच्छता समिति के खाते मे वापस किए जाने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायतों में 388.51 लाख रुपये सरेंडर राशि है।