हाथरस : निरीक्षण करते सीएमओ डाॅ. मंजीत सिंह। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिलेभर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और जिला महिला अस्पताल में शनिवार को मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. मंजीत सिंह ने प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारियों को योजना की प्रगति सुधारने के निर्देश दिए।
सीएमओ और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एसीएमओ) डॉ. नरेश गोयल सीएचसी हसायन पहुंचे। यहां अधीक्षक डॉ. विजय आनंद व स्टाफ उपस्थित मिला। यहां योजना का संचालन किया जा रहा था। उन्होंने सफाई व्यवस्था बदहाल होने पर नाराजगी जताई और इसमें तीन दिन में सुधार लाने के निर्देश दिए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) श्रीनगर पर डॉ. हितेश और फार्मासिस्ट उपस्थित मिले। यहां इन्वर्टर पिछले लगभग एक साल से खराब बताया गया। पानी की व्यवस्था नहीं थी। खिड़कियों की जाली टूटी हुई हैं।
सफाई वव्यस्था में सुधार की आवश्यकता है। सीएचसी हसायन के प्रभारी को निर्देशित किया गया कि जल्द ही इन कमियों को दूर कराके सूचित करें। सीएचसी महौ पर डॉ. मनीषा मौर्या और स्टाफ उपस्थित था। एलटी न होने के कारण हीमोग्लोबिन की जांच नहीं की जा रही थी। डॉ. प्रशांत कौशिक और डॉ. आदित्य श्रीवास्तव लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे हैं। इन पर कार्रवाई के लिए पत्रावली प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। आयुष्मान गोल्डन कार्ड की समीक्षा प्रतिदिन की जा रही है। सभी को इसमें प्रगति लाने और शीघ्र लक्ष्य प्राप्ति के निर्देश दिए गए। संवाद