सराफा बाजार में मिले बच्चे को भेजा बाल संरक्षण गृह
सराफा बाजार में लावारिस हालत में घूमता मिला था डेढ़ वर्षीय बच्चा
पुलिस ने शिनाख्त कराने का काफी किया प्रयास, कोई नहीं आया तो भेजा बाल संरक्षण गृह
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। सराफा बाजार में मिले बच्चे की शिनाख्त नहीं हो सकी। उसे बाल कल्याण समिति द्वारा बाल संरक्षण गृह आगरा भेजा गया है।
कोतवाली सदर क्षेत्र के सराफा बाजार में शुक्रवार को एक करीब डेढ़ वर्षीय एक बालक मिला था। रंग गेहुआं था, वह नीली टोपी लाल रंग की गरम बनियान व रंगीन पजामी पहने हुए था। बच्चा अपना नाम व पता नहीं बता पा रहा है। बच्चे को कोतवाली पुलिस अपने साथ ले आई और फिर शनिवार को बाल कल्याण समिति और न्यायपीठ के समक्ष प्रस्तुत किया गया। उसे बाल कल्याण समिति न्यायपीठ हाथरस द्वारा अपने संरक्षण में लेकर राजकीय बालगृह (शिशु) आगरा में अस्थायी रूप से आवासित कराया गया है।
यदि इस बच्चे के कोई जैविक माता-पिता अथवा संरक्षक हो तो बच्चे से संबंधित अभिलेख और साक्ष्य 30 दिन के अंदर बाल कल्याण समिति और न्यायपीठ के समक्ष पेश करें, अन्यथा की स्थिति में बच्चे को दत्तक ग्रहण के लिए स्वतंत्र घोषित कर दिया जाएगा। इस अवसर पर बाल कल्याण समिति के सदस्य मतेंद्र सिंह गहलोत, संरक्षण अधिकारी विमल कुमार शर्मा, सामाजिक कार्यकत्री प्रतिष्ठा शर्मा, कंचन यादव, आंकड़ा विश्लेषक प्रवीण यादव आदि उपस्थित रहे।