रिटायर्ड प्रधानाचार्य के घर से लाखों की चोरी
वारदात के वक्त शादी समारोह में गए थे परिवार के सभी सदस्य
पुलिस मौके पर पहुंची, डॉग स्क्वायड-फॉरेंसिक एक्सपर्ट ने भी जांच
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)
सासनी (हाथरस)। कस्बे की संजय कॉलोनी में शुक्रवार की रात को बेखौफ बदमाशों ने रिटायर्ड प्रधानाचार्य के बंद घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर के अंदर रखा कीमती घरेलू सामान, 70 हजार रुपये नकदी और करीब साढे़ तीन सौ ग्राम सोने व पांच सौ ग्राम चांदी के जेवर चोरी कर ले गए, जिनकी कीमत लाखों में है। वारदात के वक्त गृहस्वामी समेत घर के सभी लोग एक शादी समारोह में शिरकत करने गए थे। सूचना पर सीओ रामशब्द यादव पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने भी छानबीन की। पीड़ित ग्रह स्वामी ने रिपोर्ट दर्ज कराने की तहरीर थाने में दी है।
सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य नारायण सिंह पुत्र सज्जन सिंह कस्बे की संजय कॉलोनी में निजी आवास बनाकर रहते हैं। शुक्रवार शाम को वह घर का ताला बंद कर शादी समारोह में गए थे। रात करीब दस बजे वापस आए तो उन्हें घर का कुुंदा टूटा मिला। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। बदमाश घर के अंदर रखा कीमती सामान चोरी कर ले गए।
चोरी गए सामान में घरेलू सामान के अलावा एक एलईडी, मोबाइल फोन, 70 हजार रुपये की नकदी, 12 अंगूठी सोने की, गले के करीब छह सेट, मंगल सूत्र, 2 चेन, कंठी, पांच जोड़ी झुमकी के अलावा करीब आधा किलो चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रभारी निरीक्षक पहलवान सिंह मय पुलिस मौके पर पहुंच गए। क्षेत्राधिकारी एवं डॉग स्क्वायड ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की तहरीर थाने में दी है।