संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत जनपद के प्रत्येक ब्लॉक पर 18-23 अप्रैल के मध्य सुबह नौ बजे से ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य इकाइयों पर एक दिवसीय स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर विकास भवन सभागार में सीडीओ की अध्यक्षता में बैठक हुई।
सीडीओ ने संबंधित सभी विभागीय अधिकारियों को मेले में ससमय पहुंचकर, स्टॉल लगाकर शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाओं से पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करने एवं मेले में आने वाले व्यक्तियों को योजनाओं के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने आयुष्मान योजना के अंतर्गत सूची में दर्ज लंबित लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए। इस मेले में रोगों की शीघ्र पहचान के लिए स्क्रीनिंग, परीक्षण, औषधि एवं जांच सुविधा के साथ आवश्यकता के अनुसार संबंधित विशेषज्ञ से टेली कंसलटेंसी प्रदान की जाएगी।
मेले में ओपीडी के अतिरिक्त नेत्ररोग, बाधिरता एवं ओरल हेल्थ संबंधी जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श व टेली कंसल्टेंसी, ई-संजीवनी की सेवाएं भी विभाग द्वारा दी जाएंगी। आयुष विभाग के चिकित्सक व कर्मचारी स्टाल लगाकर लोगों को आयुष-हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, योग, औषधीय पौधे आदि के बारे में तथा लोगों को घरेलू पद्धति से उपचार के संबंध में जानकारी प्रदान की जाएगी। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अतिरिक्त अन्य विभाग भी इस मेले में स्टाल लगाएंगे।