न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
कुरसंडा मई बंबा के पास रविवार को बकरी चोरी कर भाग रहे तीन चोरों में से एक को गांव कूपाकला में बकरी मालिक व ग्रामीणों ने पीछा कर दबोच लिया। ग्रामीणों ने चोर की जमकर धुनाई कर दी। सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई और चोर को अपने साथ थाने ले गई। जामा तलाशी के दौरान चोर की जेब से तमंचा व कारतूस भी बरामद हुए।
इस मामले में बकरी मालिक गांव कुरसंडा निवासी गंभीर सिंह पुत्र प्रताप सिंह ने बताया कि जब वह अपनी बकरियों को कुरसंडा मई बंबा के पास चुगा रहा था तो इसी दौरान एक बाइक पर तीन चोर आए और उसकी एक बकरी पर लादकर चोरी कर भागने लगे। गंभीर के शोर मचाने पर मौके पर काफी लोग आ गए और गंभीर व उसके परिजन व अन्य लोग इन चोरों का पीछा करने लगे। पीछा करते हुए इनमें से एक चोर को बकरी सहित गंभीर व ग्रामीणों ने गांव कूपाकला में दबोच लिया, जबकि दो बाइक को लेकर भागने में सफल हो गए।
ग्रामीणों ने पकड़े गए चोर की जमकर धुनाई कर दी और पुलिस को सूचना दे दी, जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई। ग्रामीणों ने बकरी चोर को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने जब इस चोर की तलाशी ली तो इसके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में बकरी चोर ने अपना राजीव पुत्र सूरजपाल निवासी वेदई और हाल निवासी नवीपुर हाथरस बताया, जबकि बाइक लेकर भागने में सफल रहे दो युवकों में से एक युवक को अपना चचेरा भाई बताया, जबकि दूसरे को उसने हाथरस का रहने वाला बताया। उक्त घटना के संबंध में गंभीर सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। संवाद