न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हिंदू देवी-देवताओं का सोशल मीडिया पर अपमान करने के आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए शहर के एक युवक ने कोतवाली सदर में तहरीर दी है। सीओ सदर को दी गई तहरीर में इस व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की गई है।
शहर की आशीर्वाद वाटिका कॉलोनी निवासी दीपक शर्मा पुत्र बीएल शर्मा ने कोतवाली सदर में दी तहरीर में मोहम्मद जुबेर नाम के व्यक्ति पर आरोप लगाया है कि आरोपी के ट्विटर एकाउंट से लगातार हिंदू देवी-देवताओं का अपमान किया जा रहा है। भगवान महादेव के शिवलिंग को कभी वेटिकन से जोड़ना, कभी श्री कृष्ण को जीसस क्राइस्ट से जोड़कर मजाक उड़ाया जा रहा है।
कभी महाभारत के चलचित्रों को डालकर उसमें लैपटॉप आदि बनाकर लगातार मजाक उड़ाया जा रहा है। टिप्पणी करने वाला व्यक्ति पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमों में वांछित है, जिसमें पॉक्सो एक्ट के मुकदमे शामिल हैं। कई अन्य मामलों का जिक्र करते हुए नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए दीपक शर्मा ने कोतवाली सदर में तहरीर दी है। सीओ सिटी मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर पर मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद