हाथरस के कोतवाली चंदपा क्षेत्र के बाईपास रोड पर मीतई गांव के निकट रविवार सुबह आगरा की ओर से आ रही कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कई बार पलटने के बाद कार सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने दो महिलाओं व पांच साल के एक बच्चे को मृत घोषित कर दिया। चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिनका जिला अस्पताल में उपचार जारी है। सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं।
जानकारी के मुताबिक, आगरा के टेड़ी बगिया इलाके के निवासी आमीन पुत्र अब्दुल की अलीगढ़ के भुजपुरा निवासी बहन के यहां रविवार को जन्मदिन का कार्यक्रम था। रविवार को आमीन अपनी पत्नी मीना, बेटा आदिल व उसकी पत्नी गुलिफ्सा, बेटी नाजरीन व रुखसार, दामाद मोजिम पुत्र इस्लाम और पांच साल के धेवते उस्मान को साथ लेकर अलीगढ़ जन्मदिन के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे। कोतवाली चंदपा क्षेत्र के बाईपास रोड गांव मीतई के निकट इनकी ईको कार अचानक से अनियंत्रित हो गई और कई बार पलटने के बाद रोड किनारे गड्ढे में जाकर गिरी, जिससे कार में सवार महिला, पुरुष व बच्चों की चीख निकल गई।
चीख सुनकर आसपास के लोग घटना स्थल की ओर दौड़े। सूचना पाकर चंदपा पुलिस भी आ गई। कार में फंसे सभी को पुलिस ने बाहर निकाला और फिर उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां मीना (55 वर्षीय), गुलिफ्सा (20 वर्षीय) और उसके पुत्र उस्मान को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। एक साथ तीन मौतों से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर आगरा व अलीगढ़ के उनके रिश्तेदार भी हाथरस पहुंच गए। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है।