न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक अभियान को लेकर जनपद स्तरीय अंतर विभागीय बैठक हुई। जिलाधिकारी रमेश रंजन ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, दिमागी बुखार और अन्य संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण करना शासन की प्राथमिकताओं में से एक है। संचारी रोगों के नियंत्रण के लिए जिले में दो अप्रैल से 30 अप्रैल तक अभियान चलाया जाएगा।
15 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षकों को निर्देशित किया कि सभी बुखार के रोगियों की डेंगू और था मलेरिया की जांच कराएं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल सागर वशिष्ठ ने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त कुल 10 विभिन्न विभागों का भी सहयोग प्राप्त किया जाएगा।
इस क्रम में आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बुखार के रोगियों के अलावा इंसुरेंस लाइक रोगियों, क्षय रोग के लक्षण युक्त व्यक्तियों, कुपोषित बच्चों की सूची तैयार करेंगी। क्षेत्रवार ऐसे मकानों की सूची भी बनाएंगी, जहां घरों के भीतर मच्छरों का प्रजनन पाया गया हो। संवाद