न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना वायरस के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अब आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर दस्तक दे रही हैं। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत शुरू हुए दस्तक अभियान में कोरोना पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. बृजेश राठौर ने बताया संचारी रोगों के साथ ही इस बार कोरोना वायरस के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपना बचाव करते हुए घर-घर जाकर लोगों को संक्रामक रोगों के साथ-साथ कोरोना वायरस के प्रति भी जागरूक कर रही हैं। उन्होंने कहा सेनेटाइजर का प्रयोग तभी करें, जब हाथ धोने की व्यवस्था नहीं हो। समय-समय पर हाथ धोते रहें। जिला मलेरिया अधिकारी एम. जौहरी ने बताया कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
जागरूकता कार्यक्रम के लिए ब्लॉक स्तर पर टीमें बनाई गई हैं। सहायक मलेरिया अधिकारी एसपी गौतम ने बताया संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत बागला जिला चिकित्सालय, जिला महिला चिकित्सालय, टीबी जिला चिकित्सालय, बस स्टैंड, जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय एवं अन्य स्थानों पर कोरोना वायरस से बचाव के प्रचार-प्रसार के लिए पोस्टर आदि लगाए गए हैं। अर्बन कोआर्डिनेटर पुष्पेंद्र सिंह ने बताया आशाओं को कोरोना को देखते हुए प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जिसमें उन्हें कोरोना से बचाव संबंधी जानकारी दी गई है।
सीएमओ ने बताया इसके लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। इस पर कोई भी कोरोना के संदिग्ध रोगी की जानकारी दे सकेगा। जिला अस्पताल परिसर स्थित जिला क्षय रोग केंद्र पर बनाए गए संक्रामक रोग नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नंबर 17001705145 पर कोई भी किसी भी वक्त फोन कर सकता है। इस नियंत्रण कक्ष से कोरोना से संबंधित कोई भी जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।
कोरोना का आतंक आतंकवादी से कम नहीं
अंतरराष्ट्रीय कवि गीतकार डॉ. विष्णु सक्सेना ने अपनी कविता के माध्यम से कोरोना से बचाव का संदेश दिया है। विष्णु सक्सेना ने कहा कि इस समय कोरोना वायरस का आतंक किसी आतंकवादी से कम नहीं है। प्रधानमंत्री ने जो एडवाइजरी जारी की है। वह हम सब देशवासियों के हित में है, यदि हम सब ने उसका पालन किया तो हम सब स्वस्थ रह सकते हैं।
ये है कविता:
शत्रु हो या हो रोग लड़िये, न उससे डरिये,
जो संक्रमण के हेतु उनसे भी बचते रहिये
मिलाया हाथ, न हो जाये कहीं कोरोना-
दूर से हाथ जोड़ करके नमस्ते करिये,
नाक मुंह मास्क से ढापें न भीड़ में जाएं,
दूध हल्दी का पियें और मुलहठी खाएं,
नाक, मुंह, हाथ से छूआ तो संक्रमण होगा
हाथ धोने हैं बार-बार सबको बतलायें।
गर्म पानी में एक नींबू निचोड़ो, पी लो,
धूप में बैठ के प्रतिरोधी शक्ति को जी लो,
इतना हो जाये तो कोरोना भी बेदम होगा-
ठोकिये ताल इससे दो दो हाथ कर ही लो।
ये हैं निर्देश:
- गांवों में ग्राम प्रधान कोरोना के प्रति लोगों को जागरूक करें।
- किसी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना प्रचारित न हो।
- सैंपल कलेक्शन, ट्रांसपोर्टेशन, आइसोलेशन वार्ड के मामले में मानक का पालन हो।
- विदेश से आने वाले लोगों की ट्रैकिंग व निगरानी में नवीनतन दिशा-निर्देशों के अनुसार ही काम हो।
बरतें सावधानी:
- भीड़भाड़ वाले स्थान पर जाने से परहेज करें।
- पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।
- बार-बार हाथ धोएं। कुछ भी खाने से पहले हाथ जरुर धोएं।
- खांसते, छींकते समय रुमाल व टिशू का प्रयोग करें, मुंह ढककर रखें।
- हाथ मिलाने से बचें, वार्तालाप करते समय उचित दूरी बनाए रखे।
- यदि किसी व्यक्ति को अचानक बुखार, खांसी और सांस लेने में परेशानी है तो उसे जांच करानी चाहिए।
- अगर आप में वायरस सम्बन्धी लक्षण हैं, तो राज्य हेल्पलाइन या स्वास्थ्य मंत्रालय की 24×7 हेल्पलाइन नंबर 011-23978046 पर कॉल करें।
ऐसा न करें:
- बुखार, खांसी का अनुभव हो रहा हो तो किसी के साथ संपर्क में नहीं आएं।
- अपनी आंख, नाक, मुंह को न छुएं।
- सार्वजनिक स्थानों पर न थूकें ।