न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सरकार प्रदूषण को कम करने के लिए बीएस-6 वाहनों का सहारा ले रही है। बीएस-4 वाहनों के 30 अप्रैल तक एआरटीओ कार्यालय में रजिस्ट्रेशन होंगे। इससे वाहन स्वामियों को काफी राहत मिलेगी।
सरकार ने 31 मार्च तक बीएस-4 वाहनों के पंजीयन की तिथि तय की थी। अचानक 24 मार्च को लॉकडाउन की घोषणा हो गई। इसी के साथ वाहनों के पंजीयन नहीं हो सके । कई एजेंसियों ने बीएस फोर वाहन के स्टॉक को खत्म करने के लिए छूट भी प्रदान की। इस दौरान लोगों ने बीएस-4 वाहनों की खरीददारी की, लेकिन लॉकडाउन के चलते इनके एआरटीओ कार्यालय में पंजीयन नहीं हो सके।
एजेंसी संचालक न्यायालय में चले गए। न्यायलय के आदेशों को ध्यान में रखते हुए 30 अप्रैल तक एआरटीओ कार्यालय में बीएस-4 वाहनों के पंजीयन होंगे । जिन एजेंसियों में बीएस-4 वाहन है एजेंसियों के कर्मी डीएम की अनुमति लेने के बाद वाहनों के पंजीयन करा सकेंगे। इस मामले में एआरटीओ प्रशासन नीतू सिंह का कहना है बीएस-4 वाहनों के पंजीयन की तिथि 30 अप्रैल तक कर दी गई है । जिन वाहनों के पंजीयन नहीं हुए हैं। वह कार्यालय में आकर पंजीयन करा सकते हैं।