न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
ग्राम पंचायतों, क्षेत्र पंचायतों और जिला पंचायत के निर्वाचित अध्यक्ष और सदस्यों का डेटा तैयार कर ई स्वराज पोर्टल पर अपडेट करने के संबंध में शासन ने निर्देश जारी किए हैं। शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि 17 अगस्त तक इस प्रोफाइल को पोर्टल पर अपडेट कर संबंधित अधिकारी इस आशय का प्रमाणपत्र भी शासन को देंगे।
शासन स्तर से पंचायत निर्वाचन में नव निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्यों, क्षेत्र पंचायत प्रमुख, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, ग्राम प्रधानों और ग्राम पंचायत सदस्यों की प्रोफाइल ई स्वराज पोर्टल पर अपडेट करने के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। इस क्रम में पंचायतराज विभाग की ओर से सभी कार्यालयों, पंचायत सचिवों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। कार्ययोजना अपलोड के दौरान यह दिक्कत सामने आई है।
शासन ने निर्देश दिए हैं कि सभी पंचायत सचिव ई स्वराज पोर्टल पर ग्राम प्रधानों व ग्राम पंचायत सदस्यों का पूरा ब्योरा अपडेट किया जाए। अपडेट किए जाने के बाद इस आशय का प्रमाण पत्र भी देना होगा कि पोर्टल पर सभी प्रोफाइल सही तरीके से अपलोड की गई हैं। 17 अगस्त तक प्रोफाइल अपडेट न करने की दशा में संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। संवाद