न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस शहर व कस्बा के उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। उनकी बिजली की समस्याओं का जल्द निदान होने वाला है। चेन्नई से इस सप्ताह बंच कंडक्टर लाइन व अन्य सामान हाथरस आ जाएगा। सामान के आने के बाद टेंडर प्रक्रिया को पूरा कर लाइनों को बदलवाने की शुरुआत की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि बिजली चोरी रोकने के लिए शहर, कस्बा में बंच कंडक्टर लाइन डाली गई। जिसका वर्ष 2014 में मरम्मत का टेंडर खत्म हो गया है। लाइनें जर्जर हालत में है। इस कारण लोगों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पाती है। लोगों को समस्या को ध्यान में रखते हुए बीते दिनों नवागत अधीक्षण अभियंता जगतराम ने मुख्य अभियंताओं को सामान उपलब्ध कराने की मांग की। मुख्य अभियंता ने सामान उपलब्ध कराने की कवायद शुरू कर दी है।
इस सप्ताह में बंच कंडक्टर लाइन आदि सामान हाथरस बिजली स्टोर में आने की उम्मीद है। शहर में पंद्रह किलोमीटर की लाइन डलेगी। मुरसान व मेंडू में चौदह किलोमीटर, सादाबाद में सात किलोमीटर, सासनी में सात किलोमीटर की नई बंच कंडक्टर लाइन डाली जाएगी। अधीक्षण अभियंता का कहना है कि इस सप्ताह सामान उपलब्ध होने की उम्मीद है।