न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर व कस्बों के उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात है। अब उनके इलाके में जर्जर विद्युत लाइन जल्द बदली जाएगी। चेन्नई से बंच कंडक्टर लाइन की पहली खेप बिजली महकमे को मिल गई है। पहली खेप में आई बंच कंडक्टर लाइन को सिकंदराराऊ पहुंचा दिया गया है। वहां काम शुरू हो गया है। अगले सप्ताह शहर में लाइन बदलने का काम शुरू होगा। ओवर लोडिंग को खत्म करने के लिए ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता वृद्धि की कवायद तेज हो गई है।
उल्लेखनीय है कि शहर, कस्बा, देहात में बिजली चोरी रोकने के लिए डाली गई बंच कंडक्टर लाइन जर्जर हो गई थी। जिसका वर्ष 2014 में मेंटेनेंस का टेंडर भी खत्म हो गया। लाइन जर्जर होने के कारण लोगों को पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही है। बीते दिनों हाथरस आए मुख्य अभियंता को अफसरों ने लाइनों की हालत के बारे में बताया। 38 किलोमीटर बंच लाइन का प्रस्ताव सौंपा।
बंच कंडक्टर लाइन की पहली खेप आने के साथ सिकंदराराऊ पहुंच गई है। अधिकारियों की मानें तो शनिवार को शहर के लिए बंच लाइन आ जाएगी। अगले सप्ताह में काम शुरू होने की उम्मीद है। इस मामले में अधिशासी अभियंता जगतराम का कहना है कि बंच कंडक्टर लाइन आ गई है। जिसे सिकंदराराऊ पहुंचवा दिया गया है। शनिवार को और बंच लाइन आ जाएगी।