राजधानी एक्सप्रेस की चपेट से सांड़ मरा
लूप लाइन से निकाली गईं दो अन्य राजधानी ट्रेनें
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहपऊ (हाथरस)
सहपऊ (हाथरस)। दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर एक सांड़ 2424 दिल्ली डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। सांड़ मौके पर ही मर गया। चालक द्वारा इमरजेंसी ब्रेक लगाते ही राजधानी एक्सप्रेस थोड़ी देर बाद जलेसर रोड (मानिकपुर) रेलवे स्टेशन पर झटके के साथ रुक गई।
ड्यूटी पर तैनात स्टेशन मास्टर ऋषिकेश मीना ने बताया कि ट्रेन के झटके के साथ रुकने के कारण कुछ यात्रियों के सीटों से गिरने के कारण उनको चोट लग गई थी। इन सभी की प्राथमिक चिकित्सा के लिए लगभग 30 मिनट गाड़ी मुख्य लाइन पर ही खड़ी रही।
सभी यात्रियों को प्राथमिक चिकित्सा होने के बाद ही ट्रेन को गंतव्य स्थान पर रवाना की गई। किसी भी यात्री की चोट गंभीर नही थीं। ट्रेन के मुख्य लाइन पर खड़ा होने पर पीछे से आने वाली दो अन्य राजधानी एक्सप्रेस गाड़ियों को लूप लाइन से निकाला गया, जिससे अन्य गाड़ी लेट होने से बच गईं।