न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
एसआईटी की जांच में बेसिक शिक्षा विभाग के एक एडेड विद्यालय की प्रधानाध्यापिका और दूसरे के सहायक अध्यापक फंस गए हैं। इन दोनों की बीएड की मार्कशीट टैंपर्ड पाए जाने पर बीएसए ने दोनों स्कूलों के प्रबंधकों को सेवा समाप्ति के लिए अनुमोदन देेते हुए एफआईआर कराने को कहा है।
उल्लेखनीय है कि डॉ.भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा के सत्र 2004-05 में बीएड की पढ़ाई करने वाले एसआईटी की जांच में फंस गए हैं। जिनमें हाथरस जनपद के भी करीब छह दर्जन शिक्षक शिक्षिकाएं शामिल हैं, जिनमें से ज्यादातर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई हो चुकी है। अब बीएसए मनोज कुमार मिश्र ने मोहन आदर्श जूनियर हाईस्कूल सलेमपुर में तैनात शिक्षक प्रवीण कुमार उपाध्याय और इंदिरा गांधी गर्ल्स जूनियर हाईस्कूल हाथरस की प्रधानाध्यापिका सारिका के खिलाफ सेवा समाप्ति की कार्रवाई किए जाने को दोनों स्कूलों के प्रबंधकों को पत्र लिखा है।
आदेश में बीएसए मनोज कुमार मिश्र ने कहा है कि नियुक्ति के लिए प्रदान किए गए अनुमोदन को तत्काल प्रभाव से निरस्त करते हुए इनकी सेवा समाप्ति हेतु अनुमोदन प्रदान किया जाता है। इसके अलावा तत्काल प्रभाव से सेवा समाप्ति की कार्रवाई करते हुए सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कराने को भी कहा है।
एक शिक्षक व एक प्रधानाध्यापिका की मार्कशीट एसआईटी की जांच में टैंपर्ड पाई गई है। इसे लेकर दोनों के प्रबंधकों को उनके खिलाफ सेवा समाप्ति की कार्रवाई और एसआईआर करने को पत्र लिखा है।
-मनोज कुमार मिश्र, बीएसए हाथरस।