न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बाईपास पर इगलास रोड चौराहे के निकट किसी वाहन की टक्कर से बाइक सवार भाई-बहन की मौत हो गई। उनके साथ मौजूद एक बच्ची भी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घायल बच्ची को गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर मृतकों के परिवार के लोग भी पोस्टमार्टम गृह पहुंच गए।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव टुकसान निवासी सूरज (18 वर्ष) पुत्र महेश और भारती (20 वर्ष) पुत्री महेश अलीगढ़ में अपनी बहन के बच्चे के जन्मदिन में गए थे। उनके साथ उनके रिश्तेदार की बेटी लाडो पुत्री सत्यप्रकाश निवासी असरौली चौराहा एटा भी थी। देर रात को वह लोग बाइक से अलीगढ़ से गांव टुकसान के लिए लौट रहे थे। बाईपास रोड इगलास चौराहा के निकट उनकी बाइक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे सूरज और भारती की मौके पर ही मौत हो गई।
घटनास्थल पर पुलिस भी पहुंच गई। उनके साथ मौजूद बच्ची लाडो बुरी तरह घायल हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम गृह भेजा। बच्ची को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार देने के बाद बच्ची को गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। सोमवार की दोपहर को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने दोनों शव परिजनों को सौंप दिए। गांव में एक साथ एक ही परिवार के दो सदस्यों के शव पहुंचते ही कोहराम मच गया।