न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के कैलोरा-वाहनपुर के निकट किसी वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई और उसका दूसरा साथी घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा। सूचना के बाद मृतक व घायल के परिवार के लोग भी जिला अस्पताल पहुंच गए।
सोमवार की दोपहर को कोतवाली हसायन क्षेत्र के गांव खिटौली निवासी मुकेश कुमार (30 वर्ष) बाबू सिंह और हीरा पुत्र करन सिंह बाइक पर सवार होकर हाथरस की ओर से अपने गांव लौट रहे थे। इस बीच सिकंदराराऊ रोड गांव वाहनपुर के निकट स्थित पेट्रोल पंप के पास किसी वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे मुकेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई और हीरा घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। घटना की जानकारी होने इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायल को भी पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। हादसे की जानकारी होने पर मृतक व घायल के परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए।