बच्ची को बाइक सवार ने मारी टक्कर, हंगामा
सादाबाद रोड स्थित नगला धर्मा के निकट हुई दुर्घटना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। कस्बा मुरसान में सादाबाद रोड स्थित गांव नगला धर्मा के निकट सड़क पार कर रही बच्ची को एक बाइक सवार ने टक्कर मार दी, जिससे बच्ची लहूलुहान हो गई। आनन-फानन बच्ची के परिजन उसे हॉस्पिटल लेकर गए, जहां बच्ची की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने बाइक सवार की जमकर पिटाई कर दी और पुलिस को बुला लिया।
युवक से मारपीट की बात जैसे ही परिजनों को पता चली तो उन्होंने मारपीट करने वाले युवक को पकड़ लिया, जिससे मौके पर हंगामा हो गया। बाइक सवार के परिजनों ने बताया कि कुछ देर बाद ही युवक की बहन की बरात आने वाली है। वह कुछ सामान लेने के लिए बाजार आया था। ग्रामीणों ने बताया कि प्रियांशी पुत्री अजय निवासी नगला बाबू मुरसान नगला धर्मा के निकट एक प्रोग्राम में दावत खाकर लौट रही थी।
सड़क पार करते समय सादाबाद की ओर से आ रहे बाइक सवार युवक ने उसको टक्कर मार दी। बाइक की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह बच्ची को घसीटते हुए सड़क किनारे बने एक मकान के चबूतरे से टकरा गया। मुरसान पुलिस भी मौके पर आ गई। पुलिस ने बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है।
ग्रामीणों ने की ब्रेकर लगवाने की मांग
हाथरस। नगला धर्मा के रहने वाले लोगों ने गांव के निकट सड़क पर ब्रेकर लगाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि यहां सड़क करते समय आए-दिन घटनाएं होती रहती हैं। अब तक कई लोगों की यहां पर जान जा चुकी है। प्रशासन से कई बार यहां ब्रेकर लगाने के लिए कहा गया है, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा।