हाथरस : कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक लेते डीएम। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों के सत्यापन के लिए सोशल ऑडिट, फसल बीमा योजना और किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनाने के कार्यों की जिलाधिकारी रमेश रंजन ने समीक्षा की। डीएम ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों का सत्यापन ईमानदारी एवं निष्पक्षता से करने के निर्देश दिए।
उप कृषि निदेशक हंसराज सिंह ने बताया कि सम्मान निधि का लाभ प्राप्त कर रहे लाभार्थियों का सत्यापन 30 जून तक किया जाना है। जिले में पीएम किसान सम्मान निधि प्राप्त कर रहे लाभार्थियों की संख्या 1,90,692 है। हाथरस में लाभार्थियों की संख्या 51,275, सादाबाद में 45,432, सासनी में 29,021 तथा सिकंदराराऊ तहसील में 64,964 है। डीएम ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना के सत्यापन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने समस्त एसडीएम और खंड विकास अधिकारियों को लेखपाल, सचिव और पंचायत सेवकों के माध्यम से सत्यापन कराने के निर्देश दिए। शासन द्वारा प्राप्त प्रारूप में सत्यापन कार्य से संबंधित समस्त सूचनाओं को दर्ज करने के निर्देश दिए।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि फसल बीमा योजना तहत खरीफ की फसल के लिए बीमा कराए जाने के लिए फसल बीमा पाठशाला का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि केसीसी का लाभ ले रहे किसानों का बीमा पहले अनिवार्य था, परंतु अब इसे ऐच्छिक कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि फसल बीमा कराने के लिए जिले में 945 कृषकों द्वारा इच्छा व्यक्त की गई है। उप कृषि निदेशक ने बताया कि केसीसी का लाभ लेने के लिए जिले में कुल 529 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिले में वर्तमान में सात एफपीओ सक्रिय हैं। संवाद