हाथरस : जुमे की नमाज को लेकर कोतवाली पर बैठक लेते डीएम रमेश रंजन, एसपी विकास कुमार वैद्य। संवाद
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
पिछले हफ्ते जुमे की नमाज के बाद कस्बा पुरदिलनगर में हुए बवाल के बाद शुक्रवार को जुमे की नमाज कड़ी सुरक्षा के बीच शांति से निपट गई। सतर्कता ऐसी थी कि जिलाधिकारी रमेश रंजन और पुलिस अधीक्षक विकास कुमार वैद्य ने शुक्रवार की सुबह 10 बजे ही कोतवाली पर पहुंचकर फिर दोनों कस्बों के प्रबुद्ध लोगों के साथ बैठक की। उनसे दोबारा हाथ उठवाकर आश्वासन लिया कि इस बार कोई अशांति नहीं होगी। दोपहर एक बजे के बाद विभिन्न मस्जिदों में नमाज अदा की गई। पुरदिलनगर में नमाजियों की संख्या काफी कम रही। सुरक्षा के लिए लगाया गया ड्रोन कैमरा जामा मस्जिद पर फेल हो गए।
बता दें कि पिछले हफ्ते हुए बवाल के बाद इस बार पुलिस-प्रशासन पूरी तरह चौकन्ना था। जिले से लेकर स्थानीय पुलिस-प्रशासन के अधिकारी इस कोशिश में जुटे थे कि पिछली बार के बवाल की पुनरावृत्ति न होने पाए। इसके लिए अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को सिकंदराराऊ और पुरदिलनगर में लगातार स्थानीय नागरिकों और धर्मगुरुओं के साथ बैठक की थीं। सभी को समझा दिया गया था कि इस बार कोई भी हिंसक हरकत की तो सख्ती से पेश आया जाएगा। प्रतिदिन एसडीएम अंकुर वर्मा, सीओ सुरेंद्र सिंह, कोतवाल अशोक कुमार सिंह मस्जिद, मदरसों और मंदिरों में जाकर धर्मगुरुओं से बात कर रहे थे।
शुक्रवार को सुबह से ही डीएम और एसपी ने कोतवाली में डेरा जमा दिया। डीएम ने स्पष्ट कर दिया कि बिना अनुमति के कोई भी जुलूस और प्रदर्शन नहीं निकालने दिया जाएगा। पूरे जिले में धारा 144 लगी हुई है। एसपी विकास कुमार वैद्य ने बैठक में मौजूद इमाम और मुतवल्लियों से हाथ उठवाकर वादा लिया कि अब ऐसी गड़बड़ी दोबारा नहीं होगी। बैठक में इकराम कुरैशी, ताहिर अली तार बाबू, बृजेश चौहान, सभासद अभिषेक वार्ष्णेय आदि थे।
पुरिदलनगर के लोगों ने अधिकारियों से अपने बच्चों के लिए माफी मांगी और भरोसा दिया कि भविष्य में ऐसा नहीं होगा। दोपहर 11 बजे तक पुरदिलनगर और सिकंदराराऊ की मस्जिदों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट पहुंच गए। बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा। दोपहर ढाई बजे तक पूरे क्षेत्र में नमाज शांतिपूर्ण ढंग से निपटने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। संवाद