न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
इगलास रोड पर सफर करने वालों को बस कुछ महीने दिक्कत झेलनी पड़ेगी। मार्च के अंत तक इस रोड के सौंदर्यीकरण और चौड़ीकरण का काम पूरा हो जाएगा। शासन से लोक निर्माण विभाग को धनराशि मिलने के बाद कार्यदायी संस्था ने काम तेज कर दिया है। सात किलोमीटर के मार्ग का काम करीब 13 करोड़ रुपये की लागत से होगा।
उल्लेखनीय है कि शहर के इगलास रोड की हालत पिछले काफी समय से खराब है। सड़क में जगह-जगह गहरे गड्ढे हो रहे हैं। बारिश के दिनों में तो स्थिति इतनी गंभीर हो जाती है कि यहां निकलने की जगह ही नहीं बचती। इस सड़क की बदहाली दूर कराने के लिए कई बार लोगों ने प्रदर्शन भी किए। तब जाकर शासन-प्रशासन को इस मार्ग को दुरुस्त कराने का ख्याल आया। कुछ महीने पहले दो करोड़ रुपये की धनराशि शासन से मिलने के बाद इस मार्ग पर काम शुरू हो सका। धनराशि खत्म होने के बाद कार्यदायी संस्था ने इस काम की गति धीमी कर दी।
अब शासन से और धनराशि मिल गई है। लिहाजा कार्यदायी संस्था ने काम की गति बढ़ा दी है। इस मार्ग को साढ़े तीन मीटर चौड़ा भी किया जाएगा, क्योंकि अलीगढ़ जिले की सीमा में बनी सड़क की चौड़ाई भी सात मीटर है। लोनिवि के एई बीपीएस यादव का कहना है कि अब शासन से बजट मिल गया है। इस मार्ग के चौड़ीकरण और दुरुस्तीकरण का काम मार्च तक पूरा कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।