न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
दो मई को होने वाली पंचायत चुनाव की मतगणना के लिए प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। एमजी पॉलीटेक्निक परिसर में मतगणना के लिए बैरिकेडिंग और जालियां लगाने सहित अन्य कार्यों को शुरू करा दिया गया है। इन कामों का नायब तहसीलदार ने निरीक्षण कर जायजा लिया और काम में लगे कर्मचारियों को जरूरी निर्देश दिए। यहां प्रवेश द्वार और निकास द्वार भी तैयार किए गए हैं।
प्रशासन की ओर से प्रत्येक ब्लॉक मुख्यालय पर होने वाली मतगणना के लिए आरओ और एआरओ को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इस क्रम में यहां एमजी पॉलीटेक्निक में होने वाली मतगणना के लिए प्रशासन की ओर से बैरिकेडिंग, प्रवेश द्वार, निकास द्वार बनाने और कैमरे लगाने का काम तेज कर दिया गया है।
प्रत्याशियों के एजेंटों के आने-जाने के लिए अलग से प्रवेश द्वार बनाया गया है। प्रत्याशियों और उनके अभिकर्ताओं को मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान अंदर ले जाने की इजाजत नहीं होगी। अधिकारियों व मतगणना में तैनात कर्मचारियों के प्रवेश के लिए अलग से प्रवेश द्वार बनाया गया है। पूरे परिसर को सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रखा जा रहा है।