संवाद न्यूज एजेंसी, सासनी।
बेहतर पढ़ाई के नाम पर बिना मान्यता के क्षेत्र में संचालित हो रहे पांच विद्यालयों में एसडीएम ने छापामार कार्रवाई की। जांच पड़ताल के बाद विद्यालयों के संचालन पर रोक लगा दी। चेतावनी दी है कि फिर से ये विद्यालय संचालित पाये गए तो एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
निजी शिक्षण संस्थानों के संचालकों के हौसले इतने बुलंद हैं कि बिना मान्यता के कई सालों से बच्चों की उत्तम पढ़ाई के नाम पर अभिभावकों से मोटी फीस वसूल रहे हैं। सासनी में ऐसे पांच विद्यालय संचालित पाए गए जो नौनिहालों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।
बुधवार को एसडीएम ने रूदायन रोड स्थित गुनगुन कॉन्वेंट स्कूल, विवेकानांद पब्लिक स्कूल खिटौली, एचएल पब्लिक स्कूल गोपालपुर भूतपुरा, बलवीर सिंह पब्लिक स्कूल सिताहरी, महर्षि विद्या मंदिर सासनी पर छापामार कार्रवाई कर मान्यता संबंधी कागजात मांगे।
लेकिन संचालक कागज नहीं दिखा सके। एसडीएम ने प्रबंधकों को विद्यालय संचालित न करने की हिदायत दी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर फिर से बिना मान्यता के विद्यालय संचालित पाये गए तो एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
खंड शिक्षा अधिकारी सुबोध पाठक का कहना है कि संबधित विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों के अभिभावकों को पूर्व में नोटिस देकर सूचना दी थी कि अपने बच्चों को सरकारी एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में प्रवेश दिलाएं, ताकि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो। बिना मान्यता के संचालित हो रहे विद्यालयों के संचालन पर रोक लगा दी गई है।