हाथरस: अयोध्या में मंदिर के लिए भूमि पूजन के लिए लड्डू तैयार कराते आयोजक।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
अयोध्या में बुधवार जहां श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन होगा, वहीं यहां भी वातावरण को राममय बनाने के लिए आरएसएस व उससे जुड़े संगठन पूरे दिन जुटे रहे। कहीं दीपक का वितरण किया गया तो कहीं बैठकें कर दीपोत्सव मनाने की अपील की गई। सुबह से लेकर शाम तक इसे लेकर बैठकें की जाती रही। पुलिस प्रशासन व खुफिया तंत्र भी इसे लेकर खासा सतर्क है। अधिकारियों ने जहां कई संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की तो शाम को पुलिस ने भी शहर में जगह-जगह फ्लैग मार्च किया।
अयोध्या में बुधवार को श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन होगा। इस मौके पर शहर व क्षेत्र को राममय बनाने की तैयारी आरएसएस, विहिप, बजरंग दल और हिंदू जागरण मंच के अलावा भाजपा सहित अन्य संगठनों के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने कर ली है। मंगलवार को पूरे दिन तैयारियों का दौर चला। संगठनों ने लोगों से आतिशबाजी करने और दीपावली मनाने की अपील की है। दीपक भी बांटे गए हैं। प्रसाद के रूप में वितरित करने के लिए लड्डू भी तैयार कराए गए।
इधर, पुलिस प्रशासन भी इसे लेकर बेहद सतर्क है। अधिकारी नहीं चाहते कि इस दौरान कोई बखेड़ा खड़ा हो। ऐसे में खुफिया तंत्र को सतर्क कर दिया गया है। अधिकारियों ने इस कार्यक्रम की तैयारी करने वाले संगठनों से स्पष्ट कह भी दिया है कि सड़क व सार्वजनिक स्थल पर कोई कार्यक्रम न करें। इसके मद्देनजर पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च भी निकाला। इसमें डॉग स्क्वायड भी साथ था।