न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कलेक्ट्रेट में विहिप व बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को नारेबाजी के बीच प्रदर्शन किया। इस दौरान राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी (डीएम) रमेश रंजन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्माद फैलाने वालों पर रासुका लगाने की मांग की गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले कुछ समय से देशभर में इस्लामिक जिहादी कट्टरता बढ़ती जा रही है। योजनापूर्वक हिंदुओं पर हमले किए जा रहे हैं। वर्ष प्रतिपदा एवं भगवान श्रीराम के प्राकट्योत्सव श्रीराम नवमी पर देशभर में शोभायात्रा पर पथराव और हमले किए गए। इस कारण अनेक स्थानों पर कर्फ्यू लगाना पड़ा और देश भर में तनाव की स्थिति बनी। कुछ स्थानों पर श्री हनुमान जयंती की शोभायात्राओं पर भी पथराव हुआ। हिंदू समाज अपने ही देश में अपने आराध्य देवों की शोभायात्रा नहीं निकाल पा रहा है। हिजाब विवाद के समय भी कर्नाटक में बजरंग दल कार्यकर्ता हर्षा की निर्मम हत्या की गई।
ज्ञापन में पदाधिकारियों ने कहा है कि हाल में नूपुर शर्मा व नवीन जिंदल के बयान को लेकर गत दो शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद मस्जिदों से हमले किए गए। हिंदुओं के घर, दुकान और वाहनों को आग लगा दी गई। शासकीय संपत्ति और मंदिरों को भी काफी नुकसान पहुंचाया गया। हिंदुओं के मान बिंदुओं और देवी-देवताओं के बारे में अनर्गल प्रचार किया जा रहा है। संपूर्ण देश का हिंदू समाज इन हमलों से आहत और आक्रोशित भी है।
ज्ञापन में पिछले दो जुमे की नमाज के बाद मस्जिदों से निकली उन्मादी भीड़ और दंगाइयों को पहचान कर उन पर रासुका के तहत कार्रवाई किए जाने और किसी को भी जिहादी भाषण देने से तुरंत रोका जाए। इनको भड़काने वाले नेताओं और धर्मगुरुओं की पहचान कर उन पर भी रासुका लगाकर जिला बदर करने की कार्रवाई की जाए। जिन मस्जिदों और मदरसों से उन्मादी भीड़ निकली, उनकी एनआईए से जांच कराई जाए। जिन स्थानों पर हिंदू अल्पसंख्यक हो गए हैं, वहां उनकी सुरक्षा की व्यवस्था की जाए।
इस मौके पर विहिप के विभाग अध्यक्ष राजेंद्र चतुर्वेदी, जिलाध्यक्ष मुकेश सूर्यवंशी, जिला मंत्री नरेंद्र सिंह, जिला सहमंत्री प्रवीण खंडेलवाल, कैलाश कूलवाल, महेश वर्मा, हर्षित गौड़, सचिन, सचिन अग्रवाल, दिनेश चित्तौड़िया, योगेश राठौर, गौरव अग्रवाल, सोनू भारती, रामप्रकाश, अभिषेक आदि मौजूद थे। संवाद