हाथरस : बिटिया प्रकरण के आरोपियों को पेशी के लिए लेकर जाती पुलिस।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बहुचर्चित बिटिया प्रकरण में चारों अभियुक्तों की बुधवार को न्यायालय के समक्ष पेशी हुई। इस दौरान वहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। कोर्ट में एक महिला हेड कांस्टेबल और एक नायब तहसीलदार की भी गवाही हुई। बिटिया का कोई परिजन कोर्ट में नहीं आया। सीबीआई के वकील कोर्ट में मौजूद रहे। अब इस मामले में 25 मार्च को फिर सुनवाई होगी।
बहुचर्चित बिटिया प्रकरण में चारों आरोपियों संदीप, रामू, रवि और लवकुश को कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस अलीगढ़ जेल से यहां न्यायालय लेकर आई। विशेष न्यायालय (एससी-एसटी एक्ट) के समक्ष इन चारों अभियुक्तों की पेशी हुई। बुधवार को महिला हेड कांस्टेबल सरला देवी के अलावा अलीगढ़ के नायब तहसीलदार मनीष कुमार की कोर्ट में गवाही हुई। 14 सितंबर को जब यह वारदात हुई थी, उस समय सरला देवी थाना चंदपा पर मौजूद थीं।
वहीं नायब तहसीलदार मनीष कुमार ने मृृत्यु से पूर्व बिटिया के बयान लिए थे। इस मामले में सीबीआई चारों आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र कोर्ट में दाखिल कर चुकी है। कोर्ट में चारों अभियुक्तों पर आरोप भी तय हो चुके हैं। बुधवार को बिटिया का कोई भी परिजन कोर्ट में नहीं आया, अलबत्ता सीबीआई के वकील अनुराग मोदी, वादी पक्ष के वकील भागीरथ सिंह सोलंकी और अभियुक्तों के वकील मुन्ना सिंह पुंढीर भी मौजूद थे। इस मामले में अब बृहस्पतिवार को फिर सुनवाई होगी।