न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के बेरगांव में बुधवार की शाम को हाईटेंशन लाइन पर लगे छोटे ट्रांसफार्मर का फ्यूज ठीक करते वक्त करंट से संविदा कर्मी की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। यहां शव को रखकर परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग की गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। गुस्साए लोगों को शांत करके जैसे-तैसे शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।
जितेंद्र (32 वर्ष) पुत्र तेजवीर सिंह निवासी मिर्जापुर बिजली विभाग में संविदा पर काम करता है। बुधवार की शाम को वह बेरगांव में हाईटेंशन लाइन पर लगे छोटे ट्रांसफार्मर के फ्यूज को ठीक करने के लिए गया था। उसने जैसे ही खंभे पर चढ़कर ट्रांसफार्मर की तरफ हाथ बढ़ाया तो वह करंट की चपेट में आ गया। उसकी मौत हो गई। यह देखकर वहां काफी भीड़ जमा हो गई। सूचना के बाद उसके परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए।
शव को वहीं पर रखकर परिजन हंगामा करने लगे और बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों का कहना था कि फ्यूज लगाने के लिए जितेंद्र ने लाइन को बंद कराया था, लेकिन लाइन में करंट आ गया और उसकी मौत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने गुस्साए लोगों को जैसे-तैसे शांत किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। संवाद