न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोहरे में रोडवेज बसों में सफर करने वाले यात्रियों को सफर के दौरान कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। हाथरस डिपो ने सर्दी का सितम बढ़ने के साथ कोहरे से निपटने की कवायद शुरू कर दी है। हाथरस डिपो से 150 ऑल वेदर बल्ब की मांग भेजी है। कुछ बल्ब आना भी शुरू हो गया है। इनको बसों में लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
उल्लेखनीय है कि डिपो में वर्तमान में 77 बसें हैं। प्रत्येक बस में दो बल्ब लगाने के हिसाब से डिपो ने 150 बल्ब की मांग अलीगढ़ भेजी है। इन बल्बों की मदद से हल्के कोहरे में बसें गंतव्य की दूरी तय कर सकेंगी।
ये बल्ब पीले रंग की रोशनी देता है, जिससे कोहरे को छांटने में मदद मिलती है। बसों में बैक लाइट को दुरुस्त करने के लिए अधीनस्थों से कहा गया है। हाथरस डिपो की एआरएम शशी रानी का कहना है कि 150 ऑल वेदर बल्बों की मांग भेजी थी, जिसमें आना शुरू हो गए हैं।