संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव गढ़ी परती बनारसी में ग्राम पंचायत की बैठक के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान जमकर मारपीट और पथराव हुआ। पथराव में एक पक्ष के पांच लोग घायल हो गए। सूचना के बाद इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिनमें से दो की हालत गंभीर होने पर आगरा रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
विकास खंड हाथरस की ग्राम पंचायत गढ़ी परती बनारसी में ग्राम प्रधान की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। इसके बाद सोमवार को गांव में ग्राम पंचायत के सदस्यों की बैठक हुई। वहां एडीओ पंचायत भी मौजूद थे। इस मौके पर कार्यवाहक प्रधान के नाम पर एक ग्राम पंचायत सदस्य का चयन भी कर लिया गया।
इस बैठक के उपरांत देर शाम को उस वक्त माहौल गर्म हो गया, जब प्रधानी के दो दावेदार आमने-सामने आ गए जीत हार को लेकर कुछ लोग आपस में बहस करने लगे। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। इसी दौरान एक पक्ष ने पथराव शुरू कर दिया। यहां पर हुए पथराव से मौके पर अफरातफरी मच गई।
इस मामले की सूचना मिलने पर इलाका पुलिस गांव पहुंच गई। पथराव में विजय कुमार पुत्र एदनसिंह, जय कुमारी पत्नी मुनेश कुमार, सोनू उर्फ गजेंद्र पुत्र रमेश बाबू ठाकुर, महावीर सिंह पुत्र रमेश बाबू ठाकुर और त्रिलोकी ठाकुर पुत्र एदन सिंह घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस ने आनन-फानन जिला अस्पताल पहुंचाया।
जहां पर उन्हें उपचार दिया गया। यहां से त्रिलोकी ठाकुर और सोनू उर्फ गजेंद्र को गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया गया। पुलिस इस मामले की छानबीन में जुटी है। वहीं मौके से पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है।