कृष्णा गौतम अपनी पत्नी व बच्चे के साथ। संवाद
- फोटो : SHAPHU
संवाद न्यूज एजेंसी, सहपऊ/सादाबाद।
क्षेत्र के गांव गढ़ी एहवरन निवासी अमन प्रताप सिंह एवं राकेश गौतम अपने पत्नी एवं बच्चे के साथ शनिवार को यूक्रेन से अपने घर पहुंच गए। अमन एवं राकेश के लौटने से दोनों परिवारों में खुशी का माहौल है।
गढ़ी एहवरन निवासी अभयपाल सिंह का पुत्र अमन प्रताप सिंह एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए यूक्रेन गया था। वह कई दिन से रूस-यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध में फंस गया था। कड़ी मशक्कत और भारतीय दूतावास की मदद से वह हंगरी पहुंचा।
ऑपरेशन गंगा के तहत हंगरी से अमन प्रताप सिंह को सुरक्षित भारत लाया गया। अमन प्रताप सिंह अपने आगरा स्थित आवास पहुंच गया है, जहां खुशी का माहौल है। अमन ने बताया है कि कई दिनों तक भूखे-प्यासे रहने के बाद हंगरी में प्रवेश मिला। ऑपरेशन गंगा तभी सफल होगा, जब यूक्रेन में फंसे सभी विद्यार्थी सुरक्षित घर पहुंच जाएं।
वहीं, सेदरिया के रहने वाले गया प्रसाद गौतम के पुत्र राकेश कुमार गौतम नौकरी के लिए यूक्रेन गए थे। राकेश गौतम भी परिवार के साथ कई दिन से यूक्रेन में भारत लौटने के लिए जद्दोजहद कर रहे थे। राकेश गौतम को भी यूक्रेन में भारत सरकार की मदद मिल सकी। वे भी ऑपरेशन गंगा के तहत परिवार सहित सुरक्षित स्वदेश लौट आए। राकेश गौतम पत्नी और बच्चे सहित वृंदावन में रहने वाले अपने भाई के घर पहुंच गए हैं।
अमन प्रताप। संवाद- फोटो : SHAPHU