न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)।
कस्बे में गृह स्वामी को बंधक बनाकर हुई लूट की घटना पुलिस के गले की फांस बन गई है। हालांकि उच्चाधिकारियों ने घटना के खुलासे के लिए कोतवाली पुलिस के साथ सर्विलांस और एसओजी की टीमें भी गठित की हैं। पुलिस टीमें इलाके के बदमाशों की कुंडली खंगाल रही हैं। कई स्थानों पर दबिश देकर क्षेत्र के संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी कर रही हैं, लेकिन पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर बदमाशों ने मुख्यमंत्री के बारे में अपशब्द क्यों लिखे। इसके पीछे उनकी क्या मंशा रही होगी। कहीं बदमाश पुलिस का ध्यान तो भटकाना नहीं चाहते हैं।
दरअसल कस्बा के रामलीला मैदान के समीप संजय कॉलोनी में शनिवार की रात नकाबपोश बदमाशों ने गृह स्वामी मनोज अग्रवाल को हथियारों के बल पर बंधक बनाकर लाखों की लूट की घटना को अंजाम दिया था। घटना के बारे में हर किसी को सोचने को मजबूर कर दिया है। पुलिस भी बदमाशों की तलाश में चप्पे-चप्पे की खाक छान रही है। प्रभारी निरीक्षक गिरीश चंद्र गौतम का कहना है कि लूट का खुलासा करने के लिए लगी पुलिस टीमें संयुक्त रूप से अपना काम कर रहीं है। उन्होंने व्यापारी वर्ग से अपील की है कि घटना के खुलासे के लिए संयम रखें। घटना का खुलासा अवश्य किया जाएगा। संवाद